Train Accident: शिवम और प्रिंस दोस्त थे और हमेशा साथ ही कहीं आते-जाते थे। दोनों की मौत की खबर लगी तो गांव वालों को झटका लगा। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दोनों अपने मां-बाप के इकलौते बेटे थे।
धामपुर के गांव मोहड़ा रेलवे फाटक पर ट्रेन की चपेट में आकर शिवम (24) और प्रिंस (22) की मौत हो गई। दोनों के परिवार में मातम पसर गया है। इकलौते बेटों की मौत पर मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल था।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार रात लगभग साढ़े नौ बजे गांव मोहड़ा निवासी शिवम पुत्र भूदेव और प्रिंस कुमार पुत्र सुनील शर्मा रेलवे लाइन पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। ग्रामीणों की सूचना पर आरपीएफ और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि मृतक अविवाहित थे और दोनों अपने घर में इकलौते पुत्र थे। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में शोक व्याप्त है।
घनी आबादी के बीच रेलवे फाटक, आएदिन हादसे
गांव मोहड़ा का रेलवे फाटक भौगोलिक दृष्टिकोण से बेहद संवेदनशील है। रेलवे फाटक के दोनों और घनी आबादी है। आबादी के बीच से ही रेलवे लाइन गुजरने के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं।