दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए लाया गया।
- फोटो : अमर उजाला
खेत से गांव लौट रहे दो सगे भाइयों की शनिवार देर रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। शिनाख्त होने पर पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों में शोक व्याप्त हो गया। गांव वाले भी दुखी होकर बोले, बेचारे अमर सिंह के दो ही बेटै थे, दोनों ही चले गए। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
भूपेंद्र की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
स्योहारा क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी महेंद्र सैनी (40) व भूपेंद्र सैनी (32) पुत्रगण अमर सिंह धामपुर रोड स्थित ग्राम झिल्ला में अपने खेत से गांव बुलेट मोटरसाइकिल से जा रहे थे। जैसे ही दोनों भाई लक्ष्य कॉलेज के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर से उनकी शिनाख्त कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार अमर सिंह के दो ही पुत्र थे। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।