बता दें कि बॉलीवुड एक्टर भूपेंद्र सिंह 100 एकड़ से भी ज्यादा कृषि भूमि के स्वामी है। उसके कृषि फार्म और किसान गुरदीप के खेत की मेड़ पर खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में भूपेंद्र ने गोली बरसा दी थी। इस हत्याकांड से पहले पीड़ित परिवार ने पुलिस से गुहार लगाई थी। इसमें बढ़ापुर पुलिस उदासीन बनी रही। इतना ही नहीं बॉलीवुड एक्टर की रसूख के चलते बढ़ापुर पुलिस ने आंख बंद कर ली।
एसपी नीरज जादौन दो दिन के अवकाश पर थे। अवकाश से लौटते ही उन्होंने मामले की पड़ताल कर बढ़ापुर थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि भूमि विवाद से संबंधित प्रकरण का समय से निस्तारण नहीं करने के संबंध में थानाध्यक्ष बढ़ापुर सुमित राठी, उप निरीक्षक यासीन और आरक्षी कृष्ण कुमार की लापरवाही रहीं। क्षेत्राधिकारी नगीना संग्राम सिंह का शिथिल पर्यवेक्षण भी पाया गया है।
एसपी ने तत्काल प्रभाव से थानाध्यक्ष बढ़ापुर सुमित राठी दरोगा यासीन और सिपाही कृष्ण कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
ड्यूटी में नदारद मिले दो सिपाही निलंबित, थाना प्रभारी की भी जांच शुरू
जिले में ओवरलोडिंग वाहनों और अवैध खनन पर रोक लगी हुई है। मगर, मंडावर क्षेत्र में लगातार उत्तराखंड से बालावाली पुल से अवैध रूप से खनन सामग्री जिले में लाई जा रही है। मंगलवार की रात इसी की जांच करने पहुंचे एसपी ने दो पुलिसकर्मियों के ड्यूटी से नदारद मिलने पर निलंबित कर दिया। उन्होंने मंडावर थानाध्यक्ष के कार्यों की जांच नजीबाबाद सीओ को सौंपी है। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने बालावाली से कुछ डंपरों को पकड़कर थाने भिजवाया है।