बिजनौर जनपद में बृहस्पतिवार सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। तेज बारिश से खेत जलमग्न हो गए। वहीं, बारिश और हवा के चलते मेरठ-पौड़ी हाईवे पर हेमराज कॉलोनी के पास पेड़ गिरने से करीब डेढ़ घंटे यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पेड़ को हटाया। इसके अलावा भी कई जगह पेड़ गिरने से यातायात बाधित रहा।
मैदानी एवं पहाड़ी क्षेत्र में तेज बारिश होने से जनपद की नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को छू रहा है। मालन गगन कोटा आदि नदियों का पानी खेतों में भरने से फसलें जलमग्न हो गईं हैं। ये बारिश गन्ना, धान और पशुचारे आदि फसलों के लिए लाभकारी है। लेकिन खेतों में पानी भरने से पछेती गन्ना फसल को नुकसान पहुंचने की संभावना है।