एसपी दिनेश सिंह की हालत में फिलहाल कोई सुधार नहीं बताया जा रहा है। उन्हें नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है, हालत चिंताजनक बनी हुई है। उधर जिले की कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने जिले की जिम्मेदारी प्रभाकर चौधरी को सौंपी है। प्रभाकर चौधरी को कार्यवाहक एसपी बिजनौर बनाया गया है।
11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर के सेनानायक प्रभाकर चौधरी को बिजनौर में ही अग्रिम आदेशों तक जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभाकर चौधरी के आज शाम तक जिले में पहुंचने की संभावना है। बता दें कि बुधवार की शाम अचानक पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह की तबीयत खराब हो गई थी जिन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
यह भी पढ़ें: UP Board Exams: आसान पेपर देख खिले चेहरे, परीक्षा के पहले दिन छात्र-छात्राओं में दिखा उत्साह
डॉक्टर ने हालत चिंताजनक देखते हुए तुरंत ही मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ के मिमहेंश हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया था। रात में 12:00 बजे उन्हें नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।
एसपी की देखरेख में लगे पुलिसकर्मियों के अनुसार एसपी बिजनौर की हालत गंभीर बनी हुई है। जैसी स्थिति शाम तक थी वैसी ही अभी तक है। उधर, डॉक्टर उनकी हालत में सुधार के लिए प्रयासों में लगे हुए हैं।
पिछले कई दिनों से अस्वस्थ और तनाव में थे एसपी बिजनौर
सूत्रों का दावा है कि पिछले कई दिनों से एसपी बिजनौर तनाव में चल रहे थे। ब्रेन हेमरेज होना भी इसी तनाव की वजह माना जा रहा है। दिनेश सिंह को पिछले 10-12 दिनों से बुखार चल रहा था।