बिजनौर डाक मंडल ने प्रदेश में लहराया परचम
बिजनौर। जिले में डाक विभाग की ओर से आठ जून को मनाए गए महालॉग इन डे पर एक ही दिन में करीब एक करोड़ 32 लाख रुपये का विभिन्न बैंक और डाकघरों के करीब 16 हजार 702 खाताधारकों को आधार इनेबिल्ड पेमेंट सिस्टम यानी एईपीएस के माध्यम से दस हजार रुपये तक का भुगतान कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मई में बिजनौर मंडल तीसरे स्थान पर आया था। इस योजना के अंतर्गत डाकिया संबंधित खाताधारक के घर पहुंचकर उसे दस हजार रुपये तक की धनराशि मुहैया कराता है।
वर्तमान में चल रही कोरोना महामारी के कारण लोग बैंकों अथवा डाकघरों में जाने से बच रहे हैं। खाताधारकों की इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए करीब आठ माह पूर्व डाक विभाग की ओर से शुरू की गई आधार इनेबिल्ड पेमेंट सिस्टम एईपीएस योजना परवान चढ़ रही है। डाक अधीक्षक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि लॉकडाउन में इस योजना का महत्व काफी बढ़ गया है। जिले के हजारों लोग इसका लाभ उठा रहे हैं। इस योजना के अंतर्गत किसी भी बैंक अथवा डाकघर के खाताधारक का खाता आधार कार्ड से लिंक अवश्य होना चाहिए। इसके बाद उपभोक्ता अपने नजदीकि डाकघर में फोन से अथवा व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर अपने घर पर ही आसानी से दस हजार रुपये तक का भुगतान प्राप्त कर सकता है। चीफ पोस्टमास्टर लखनऊ के निर्देश पर इस बार पूरे प्रदेश में आठ जून को महालॉग इन डे मनाया गया। इस दौरान एक ही दिन में जिले के लगभग 303 डाकघरों के डाकिया ने करीब 16 हजार 702 उपभोक्ताओं को लगभग एक करोड़ 32 लाख रुपये का प्रति व्यक्ति अधिकतम दस हजार रुपये तक का भुगतान किया गया।