फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजनौर: एमपी के पूर्व सीएम कमलनाथ की 26 बीघा जमीन हड़पने की साजिश, लेखपाल समेत चार पर रिपोर्ट; दो गिरफ्तार

Thu, 01 Oct 2026 06:55 PM IST
Mohd Mustakim अमर उजाला नेटवर्क, बिजनौर

सार

यूपी के बिजनौर स्थित गांव अमीखानपुर में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पिता स्व. महेंद्रनाथ के नाम खेती की 90 बीघा जमीन है। इसमें से 26 बीघा जमीन हड़पने का प्रयास किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री के पिता की फर्जी वसीयत और फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र भी लगा दिया।
विज्ञापन
मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ। जमीन हड़पने की साजिश में गिरफ्तार दो आरोपी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिजनौर की नजीबाबाद तहसील में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की 26 बीघा जमीन हड़पने का तानाबाना बुना गया। कमलनाथ की शिकायत पर पुलिस ने जांच की तो मामला खुल गया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है, जबकि लेखपाल समेत दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। लेखपाल ने अपनी रिपोर्ट में एक आरोपी को उक्त जमीन का काश्तकार दर्शाया था।
विज्ञापन

 

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा निवासी पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की तहरीर पर थाना नजीबाबाद में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें कहा गया कि उनके पिता स्व. महेंद्रनाथ की नजीबाबाद के गांव अमीखानपुर में खेती की जमीन है। उनकी ओर से 18 मई 2026 को नजीबाबाद तहसीलदार कोर्ट में विरासत दर्ज कराने के लिए आवेदन किया गया। 
 

लेखपाल ने उक्त जमीन पर अन्य वाद भूमि विवादित लिखकर रिपोर्ट प्रेषित कर दी। मालूम हुआ कि तहसीलदार नजीबाबाद की कोर्ट में उक्त जमीन को लेकर वाद धर्मपाल बनाम ग्राम सभा चल रहा है। जिसमें धर्मपाल सिंह की ओर से फर्जी वसीयत दाखिल की गई है, जोकि पंजीकृत भी नहीं है।
 

साथ ही उनके पिता महेंद्र नाथ का मृत्यु प्रमाण भी दाखिल किया गया, जोकि 10 अप्रैल 2003 को नजीबाबाद से ही जारी हुआ। जबकि उनके पिता की मौत सात सितंबर 2004 को दिल्ली में हुई थी। आरोप लगाया कि धर्मपाल सिंह निवासी महावतपुर, जसबिंदर सिंह ढिल्लो, विजय शंकर पांडेय निवासी नजीबाबाद और हल्का लेखपाल डेविड कुमार साजिश रचकर धोखाधड़ी करते हुए फर्जी तरीके से अपने नाम कराकर बेचना चाहते हैं। 
 

पुलिस ने धर्मपाल सिंह और विजय शंकर को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी विजय शंकर ने फर्जी वसीयत टाइप की थी। बाकी दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी देहात गौतम राय, सीओ नजीबाबाद और नजीबाबाद कोतवाल अमित कुमार भी मौजूद रहे।
 
विज्ञापन

बटाई पर दे रखी थी जमीन
पुलिस ने अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री की अमीखानपुर मौजा में 90 बीघा जमीन है। जोकि बटाई पर दे रखी थी। एक अरसे से जमीन को देखने के लिए भी कोई नहीं आया। ऐसे में 26 बीघा जमीन को हड़पने का ताना-बाना बुन लिया गया है। बाकी जमीन के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।

ये भी देखें...
शामली: अंकित बालियान हत्याकांड की साजिश में शामिल रोहित उर्फ लाडला गिरफ्तार, तीन आरोपी भगोड़ा घोषित

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें