कोरोना पर विजय की राह पर बिजनौर
बिजनौर। एक ओर जहां आए दिन जिले में कोरोना पॉजिटिव केस मिल रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर कोरोना की जंग में जनपद बिजनौर विजय की राह पर आगे बढ़ने लगा है। शुक्रवार को जिले में आई कुल 88 जांच रिपोर्ट में से आठ पॉजिटिव केसों ने लोगों को परेशान कर दिया, जबकि 80 नेगेटिव जांच रिपोर्ट से थोड़ा राहत जरूर मिली। इसी बीच शुक्रवार की रात मुरादाबाद कोविड हॉस्टिपल में भर्ती जिले के चार युवक कोरोना को हराकर लौटे तो इनके परिजनों की चिंता दूर हुई।
जिले में अब तक कुल 144 कोरोना संक्रमित केस मिल चुके हैं। इनमें से अब तक 67 लोगों ने कोरोना को हराया है, तो दो लोगों की कोरोना से मौत भी हुई है। वर्तमान में कुल 75 एक्टिव पॉजिटिव केस हैं। 12 अप्रैल तक जिले में एक भी कोरोना पॉजिटिव केस नहीं था। 13 अप्रैल को स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव मेवा नवादा का हजरत निजामुद्दीन स्थित मरकज में शामिल होकर लौटा तो उसे कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर विजय कुमार यादव ने बताया कि इसके बाद से जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती चली गई। वर्तमान में कुल पॉजिटिव केस 144 हो गए। वर्तमान में कुल 75 कोरोना पॉजिटिव एक्टिव केस हैं। जिले से अब तक कुल करीब 4846 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से 144 पॉजिटिव आ चुके हैं। फिलहाल करीब 283 जांच रिपोर्ट आनी बाकी हैं।