घायल नील गाय को ले जाते लोग, कुछ देर बार मौत हो गई।
- फोटो : अमर उजाला
खेत में सब्जी तोड़ रहे किसान नत्थन सिंह (65) को माहे (नील गाय) ने जमीन पर पटककर मार डाला। आबादी में घुसे माहे ने मोहल्ला अंबेडकर नगर में करीब आधा घंटे तक उत्पात मचाया। घरों के बाहर खड़ी छह कारों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में दरवाजों और दीवार से टकराकर माहे की भी मौत हो गई।
नील गाय की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई कार।
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार सुबह करीब पांच बजे नगीना के मोहल्ला सेवा वाली गांवड़ी निवासी किसान नत्थन सिंह अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में सब्जियां तोड़ रहा था। तभी एक माहे ने किसान पर हमला कर दिया। उसने नत्थन सिंह को सींगों से उठाकर जमीन पर पटक दिया। नत्थन सिंह को गंभीर चोटें आईं। वह माहे से बचकर किसी तरह अपने घर पहुंचा। परिजन उसे एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए। बाद में सरकारी अस्पताल में उपचार के दौरान नत्थन सिंह की मौत हो गई।
थानाध्यक्ष तेजपाल सिंह ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। उधर, किसान पर हमला करने के बाद माहा आंबेडकर नगर की घनी आबादी में घुस गया। उसने इधर-उधर दौड़ लगानी शुरू कर दी। सड़क पर खड़ी करीब छह कारों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। बौखलाया माहा दीवारों और घरों के दरवाजों पर भी टक्कर मारता रहा। बाद में उसकी मौत हो गई। सूचना पर नगर पालिका कर्मी मृत माहे को उठाकर ले गए। वन रेंजर प्रदीप शर्मा ने बताया कि माहे के हमले में मौत के मामले में विभाग से मुआवजा दिलाने का प्रावधान नहीं है।