50 से 60 निराश्रित गोवंश को किसानों ने पकड़ा
अफजलगढ़ में निराश्रित गोवंश को लेकर प्रशासन की तमाम कवायद बेनतीजा साबित हो रही है। निराश्रित गोवंश किसानों की फसल को लगातार बर्बाद कर रहे हैं। नुकसान से परेशान गांव जटपुरा के लोगों ने करीब पांच दर्जन निराश्रित गोवंश को पकड़कर रामलीला मैदान की चहारदीवारी में इक्ट्ठा कर रखा है।
ग्रामीण पदम सिंह, पंडित प्यारेलाल, कपिल, सुरेश, महेंद्र, संदीप, प्रेम सिंह, अनिल, गजेंद्र, राजेंद्र व दीपक आदि का कहना है कि निराश्रित गोवंश किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। जिससे ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। अनेकों बार शिकायत करने पर विभागीय स्तर पर समस्या का समाधान न होने के बाद करीब एक सप्ताह पहले खेतों में मौजूद 50-60 आवारा पशुओं को पकड़कर ग्रामीणों ने रामलीला मैदान की चारदीवारी में रखा हुआ है। इसके लिए ग्रामीण चारे पानी की व्यवस्था स्वयं कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Saharanpur: हाजी इकबाल के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल, तीसरे दिन भी ग्लोकल यूनिवर्सिटी से सामान बरामद
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव समस्या को लगातार नजर अंदाज कर रहे है। जिससे यहां मौजूद पशुओं के चारे की समस्या उत्पन्न होने लगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इन पशुओं को किसी भी गोशाला में पहुंचवाने की मांग की है। वहीं तीन दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की बात कही है। इस संबंध में पंचायत सचिव मनोज कुमार का कहना है कि दो सोमवार तक निर्माणाधीन गोशाला में लाइट की व्यवस्था कर जटपुरा में मौजूद पशुओं को शेरगढ़ गोशाला में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।