नगीना में पिछले 5 सालों में नगर पालिका प्रशासन ने नगर में करोड़ों रुपये की लागत से सैकड़ों छोटी-बड़ी सड़कों का निर्माण तो कराया लेकिन गन्ना समिति मार्ग की बदहाल पड़ी सड़क की कोई सुध नहीं ली। हैरानी इस बात कि है की इस मार्ग पर प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का रोजाना खूब आवागमन होता है लेकिन इस सड़क पर हो रहे सैकड़ों गड्ढों पर किसी की भी नजर आज तक नहीं गई।
नगर के मुख्य मार्ग स्टेशन रोड पर नहर किनारे गन्ना समिति मार्ग स्थित है। नगर से बाहर निकलने वाले तमाम लोगों के लिए यह मार्ग बाईपास के रूप में काम करता है। रेलवे स्टेशन के पास हमेशा लगने वाले जाम से बचने के लिए हजारों वाहन प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर कोतवाली वाले रेलवे फाटक की तरफ आसानी से निकल जाते हैं। इसी मार्ग पर स्थित गन्ना समिति के कार्यालय में प्रतिदिन क्षेत्र के हजारों किसानों का आवागमन रहता है।