इसरार की फाइल फोटो और गिरफ्तार तीनों आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
Three arrested: धामपुर पुलिस ने दो माह से लापता नूरपुर निवासी कपड़ा व्यापारी इसरार अली (38) की हत्या के मामले में तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया। इसरार के लगभग दो लाख रुपये हड़पने के लिए धामपुर थाना क्षेत्र के गांव तीबड़ी निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य आशु सिद्दीकी ने अपने दो दोस्तों के संग मिलकर रस्सी से गला घोंटकर हत्या की थी। शव को जलाने के बाद नूरपुर थाना क्षेत्र में दौलतपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में गोहाबर के निकट पोषक नहर के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया था।
अपर पुलिस अधीक्षक धामपुर पूर्वी अमित किशोर श्रीवास्तव ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बीती आठ मार्च को हजरतनगर थाना नूरपुर निवासी मोहम्मद अफसर अली ने अपने छोटे भाई इसरार की थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। कपड़ा व्यापारी इसरार अहमद काम के सिलसिले में धामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम तीबड़ी निवासी अपने रिश्तेदार आशु सिद्दीकी के पास आता रहता था।
बीती आठ फरवरी को वह लगभग दो लाख रुपये लेकर आशु के पास तीबड़ी आया था। वहीं से वह लापता हो गया। पुलिस ने आशु की निगरानी शुरू कर दी। जांच पड़ताल और सीडीआर के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि आशु ने इसरार की रकम हड़पने के लिए अपने दो साथियों धामपुर थाना क्षेत्र के गांव पाडली मांडू निवासी जाबिर और अपने ही गांव तीबड़ी निवासी शाहनवाज उर्फ शानू के साथ मिलकर रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी।
साक्ष्य मिटाने के लिए शव को नूरपुर थाना क्षेत्र स्थित पोषक नहर के किनारे झाड़ियों में फेंककर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर इसरार का कंकाल बरामद किया। हत्या में प्रयुक्त रस्सी, मृतक के हाथ का ब्रेसलेट और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए। सोमवार को पुलिस ने हत्यारोपी आशु सिद्दीकी, शाहनवाज अहमद उर्फ शानू निवासी तीबड़ी और जाबिर निवासी पाडली मांडू को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
गुमशुदगी दर्ज कराने से पहले ही कर दी थी इसरार की हत्या
पुलिस की मानें तो इसरार की दो शादियां हुईं थी, लेकिन वह अकेला रहता था। इसरार आठ फरवरी को आशु के पास तीबड़ी आया था। लेकिन परिजनों ने आठ मार्च को इसरार की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस के खुलासे में सामने आया कि आरोपी परिजनों के गुमशुदगी दर्ज कराने से पहले ही इसरार की हत्या कर चुके थे।
क्षेत्र पंचायत सदस्य है मुख्य हत्यारोपी आशु सिद्दीकी
इसरार की हत्या का मुख्य आरोपी तीबड़ी निवासी आशु सिद्दीकी क्षेत्र पंचायत सदस्य है। वह भी कपड़े का कारोबार करता है। हत्यारोपी और मृतक आपस में रिश्तेदार भी हैं। पुलिस की मानें तो इसरार अकेला रहता था। इसलिए आशु ने रकम हड़पने के लिए उसकी हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
ये भी देखें...
UP: बिजनौर में चोरी करने वाला मेरठ का गिरोह पकड़ा, आठ लाख के जेवर और ढाई लाख की नगदी बरामद