बृहस्पतिवार को जिले में लाउडस्पीकर हटाओ अभियान ने और तेजी पकड़ी। टीमें पुलिस मस्जिदों और मंदिरों तक पहुंचीं और उनकी कमेटियों से गुजारिश करते हुए लाउडस्पीकर हटवा गए। बता दें कि पिछले दिनों डीएम जसजीत कौर और एसपी केके विश्नोई जेल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। जेल में निरीक्षण करते हुए अचानक अजान की आवाज सुनाई दी।
एसपी ने पूछा कि यह आवाज कहां से आ रही है। मालूम पड़ा कि जेल के पीछे कुम्हारों वाली मस्जिद है। इसके तुरंत बाद ही पुलिस कुम्हारों वाली मस्जिद में पहुंच गई थी। सबसे पहले इसी मस्जिद से लाउडस्पीकर उतरवाए गए। साथ ही पुलिस ने ध्वनि प्रसारण को लेकर कोर्ट के आदेशों का हवाला दिया। इसके बाद पुलिस ने लाउडस्पीकर उतारवाने का दायरा बढ़ाते हुए अभियान ही छेड़ दिया। बृहस्पतिवार की शाम तक 391 मस्जिद, 214 मंदिर और 17 गुरद्वारों के लाउडस्पीकर उतरवा दिए गए। एसपी केके विश्नोई ने बताया कि शासन से मिले निर्देश और कोर्ट के आदेशों के क्रम में अभियान चल रहा है। धार्मिक स्थल के परिसर से अजान या भजन की आवाज बाहर नहीं जानी चाहिए।
किरतपुर
पुलिस ने धार्मिक स्थलों से लगभग 32 लाउडस्पीकर उतरवाए हैं। पुलिस का यह अभियान शुक्रवार को भी जारी रहेगा। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशों पर धार्मिक स्थल पर बिना अनुमति लगाए गए लाउडस्पीकरों को हटवाया जा रहा है।
चांदपुर
सीओ देश दीपक सिंह ने बताया कि चांदपुर सर्किल के चार थाना क्षेत्र में अब तक 335 लाउडस्पीकर उतारे जा चुके हैं। जिसमें चांदपुर थाना क्षेत्र से 84, नूरपुर थाना क्षेत्र से 101, हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र से 91, शिवाला कला थाना क्षेत्र से 59 लाउडस्पीकर उतारे गए हैं।
ये भी देखें...
बागपत: पूर्व प्रधान और उसके दो बेटों ने गोलियों से भूनकर की प्रधान के भतीजे की हत्या; कोर्ट ने सुनाया ये फैसला