हल्दौर पुलिस ने चेकिंग के दौरान शरीफपुर पुलिया के पास एक कार को रोककर तलाशी ली। कार से एक लाख आठ सौ प्रतिबंधित कैप्सूल, 7,200 से नशीली गोलियां, 30 शीशी कोडीन सिरप बरामद हुए।
बिजनौर जिले में नशीली दवाइयों की खरीद-फरोख्त का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। शुक्रवार को हल्दौर पुलिस ने नशीली दवाइयों का कारोबार करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। आरोपियों के पास से 30 कोडीन सिरप, प्रतिबंधित कैप्सूल एवं नशीली गोलियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर संचालक समेत चार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
विज्ञापन
Trending Videos
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। हल्दौर पुलिस ने चेकिंग के दौरान शरीफपुर पुलिया के पास एक स्विफ्ट कार रोककर तलाशी ली। इस दौरान पुलिस को कार से 14 लाख रुपये नकद मिले। साथ ही 1,00,800 प्रतिबंधित कैप्सूल, 7,200 अल्प्राजोल की गोली, 30 शीशी कोडीन सिरप, छह मोबाइल बरामद हुए।
इस दौरान हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव जोगी औंधा निवासी हर्ष ढाका, गांव मारूफपुर निवासी रितिक कुमार को गिरफ्तार किया। हर्ष ढाका हीमपुर गांव में शिव मेडिकल स्टोर संचालित करता है। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनके दो साथी शेरपुर कल्याण के अड्डे पर इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने यात्री शेड से चांदपुर के मोहल्ला शाहचंदन निवासी सुहैल, गांव पीपली जट निवासी आयान को गिरफ्तार कर लिया।
पैसे लेकर नशीली दवाई की खेप लेने गए थे आरोपी
प्रेसवार्ता में एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल ने बताया कि आरोपी बृहस्पतिवार रात पैसे लेकर जिले में आने वाली नशीली दवाई की खेप लेने गए थे। इस दौरान पकड़ लिया गया। आरोपी अधिक मुनाफा कमाने के लिए कार के जरिये मेडिकल स्टोरों पर नशीली दवाइयों की सप्लाई करते थे।
ये बोले एसपी
जिलेभर के मेडिकल स्टोरों की जांच की जाएगी। नशे का कारोबार करने वाले मेडिकल स्टोरों पर कार्रवाई की जाएगी। पकड़े गए चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया। - केके बिश्नोई, एसपी, बिजनौर