बिजनौर कोर्ट में पेशी पर आए अभिनेता मुश्ताक खान।
- फोटो : अमर उजाला
अपहरण करके फिरौती वसूलने के मामले में बयान दर्ज कराने के लिए फिल्म अभिनेता मुश्ताक खान बिजनौर पहुंचे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुश्ताक खान ने अदालत में अपने बयान दर्ज कराए, उनकी अगली गवाही 11 सितंबर को होगी।
बिजनौर शहर कोतवाली में पिछले वर्ष दस दिसंबर को मुश्ताक खान की ओर से केस दर्ज कराया गया था। आरोप था कि उन्हें इवेंट के नाम पर बुकिंग करते हुए बुलाया गया। बुकिंग की आड़ में उन्हें बुलाकर 20 नवंबर 2024 को अपहरण कर लिया गया। बिजनौर की नई बस्ती में लवीपाल के मकान में रखा गया था। आरोपियों ने बंधक बनाकर उनसे 2.20 लाख रुपये की फिरौती भी वसूल कर ली थी।
हालांकि उस वक्त किसी तरह से मुश्ताक खान आरोपियों के चंगुल से निकलकर मुंबई चले गए थे। मुश्ताक खान अपहरण केस में बिजनौर पुलिस ने मुख्य आरोपी लवी पाल समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया था। वहीं एक आरोपी को मेरठ पुलिस ने पकड़ा था।
इसी मामले में मंगलवार को प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायालय में फिल्म अभिनेता ने बयान दर्ज कराए। अभिनेता मुश्ताक खान को पुलिस ने सुरक्षा घेरे में रखा। एएसपी देहात विनय कुमार सिंह ने बताया कि मुश्ताक खान अपहरण केस की अदालत में सुनवाई शुरू हो चुकी है। गवाही के लिए 11 सितंबर को भी कोर्ट में बुलाया गया है।
ये भी देखें...
Shamli: खतरे के निशान से ऊपर यमुना, कैराना और चौसाना में हजारों बीघा फसल डूबी, दहशत में किसान