बिजनौर जनपद में किरतपुर के गडीकपुरा गांव में शनिवार सुबह रास्ते के विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। जानकारी के अनुसार गजेंद्र और उसके भाई जोगेंद्र के बीच लंबे समय से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में पड़ोसी नरेश (60) जोगेंद्र के पक्ष में खड़े थे।
शनिवार सुबह नरेश दूध लेने के लिए घर से निकले। रास्ते में गजेंद्र पक्ष ने उन्हें रोक लिया और जोगेंद्र का पक्ष लेने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौच शुरू कर दी। विवाद बढ़ा तो लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर दिया। बीच बचाव में उतरे नरेश पर भी हमला हुआ और धक्का देने से वह सड़क पर गिर पड़े।
यह भी पढ़ें: Baghpat: गणेश विसर्जन के दौरान डूब रहा था युवक, हरियाणा पुलिस के दरोगा ने बचाई जान
परिजन उन्हें किरतपुर अस्पताल ले गए, जहां हालत बिगड़ने पर मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही उनकी मौत हो गई। हमले में नरेश का भाई धर्मपाल भी घायल हुआ है।
मृतक के भाई की तहरीर पर गजेंद्र, नरेंद्र, कन्हैया, नितिन और रचित के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ। पुलिस ने गजेंद्र, नरेंद्र और नितिन को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ नजीबाबाद नितेश प्रताप सिंह ने गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।