विश्व पर्यटन दिवस पर विशेष ...
- गंगा बैराज पर हॉट बैलून और रामगंगा नदी में राफ्टिंग शुरू
- जनपद को पर्यटन हब बनाने के लिए शुरू हुई कई प्रोजेक्ट
ब्रजवीर चौधरी
बिजनौर। गन्ने की मिठास से अपनी ओर रिझाने वाला बिजनौर जनपद अब पर्यटन के रूप में विकसित होकर पर्यटकों अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। महात्मा विदुर के नाम से विख्यात बिजनौर जनपद अपनी आंगन में पौराणिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक धरोहरों संजोए हुए हैं। वहीं, रिजर्व कार्बेट पार्क से जुड़े अमानगढ़ पर्यटक के रूप में विकसित हुआ है। यहां बाघ की दहाड़ और हाथी की चिंघाड़ सुनाई देती और हिरन आदि वन्य जीव-जंतु देखने के लिए मिलते हैं। आने वाले पर्यटक खुश और आनंदित होकर जा रहे हैं। राजा दुष्यंत और शकुंतला की प्रणय स्थली है। अब शासन ने पर्यटन विभाग का ऑफिस ही बिजनौर में खोलने को हरी झंडी मिल गई है।
विदुर कुटी, अमानगढ़, कण्व ऋषि आश्रम को रहा विकसित
जिला मुख्यालय से गंगा व मालन नदी के पास कण्व ऋषि आश्रम विकसित हो रहा है। प्रशासन के अनुसार पिछले कुछ सालों में विदुरकुटी, कण्वऋषि आश्रम, मोरध्वज किला के लिए करीब चार करोड़ रुपये बजट आया। जिले को पर्यटक हब बनाने के लिए करीब 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। विदुर कुटी, बैराज, पीली डेम, मालन नदी को विकसित का कार्य प्रगति पर है।
प्राकृतिक सुंदरीकरण परिपूर्ण है जनपद
बिजनौर जनपद पौराणिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक सुंदरीकरण से परिपूर्ण है, जिसमें पर्यटन के लिए अपार संभावनाएं हैं। विदुरकुटी में जिला प्रशासन जन सहयोग से इन्फ्रास्ट्रचर तैयार करा रहा है।
जल क्रीड़ा का मिल रहा आनंद
गंगा बैराज और पीली बांध को जल क्रीड़ा स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। अमानगढ़ वन क्षेत्र को पर्यटकों के विचरण के लिए शीघ्र खोला जाना प्रस्तावित है, जहां प्राकृतिक, वन सुंदरीकरण के साथ वन्य जीव-जंतु देखने के लिए मिलते हैं।
हैरिटेज होटल के लिए भी बन रहे प्रस्ताव
शासन, वन विभाग, प्रशासन जनपद में पर्यटन हब बनाने में जुटा है। अमानगढ़ के आसपास नई सुविधाएं विकसित करने के लिए होटल, विला और एडवेन्चर पार्क जैसी सुविधाएं बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिलेभर के ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है, जहां पर्यटन की संभावना है। विदुरकुटी, अमानगढ़, पत्थरगढ़ का किला, मोरध्वज के किले पर काम चल रहा है। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास चल रहे हैं। - पूर्ण बोहरा, सीडीओ बिजनौर