दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट में बिजनौर चैंपियन
बिजनौर। नेहरू स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट में बिजनौर की टीम प्रयागराज की टीम को हराकर 95 रनों से चैंपियन बनी। प्रयागराज की टीम 100 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
दो दिवसीय दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। टूर्नामेंट में बिजनौर, मेरठ और प्रयागराज की टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबला बिजनौर और प्रयागराज की टीम के बीच खेला गया। बिजनौर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बिजनौर टीम ने 20 ऑवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर 195 रन को स्कोर प्रयागराज की टीम के सामने रखा। स्कोर का पीछा करते हुए प्रयागराज की टीम 100 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह बिजनौर की टीम ने प्रयागराज की टीम को 95 रनों से हराकर प्रतियोगिता अपने नाम की। बिजनौर की ओर से बल्लेबाज चंद्रशेखर ने सर्वाधिक 77 रन बनाए। टूर्नामेंट वी कैन संस्था की ओर से क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि हमारी संस्था समाज में छुपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाकर आगे बढ़ाने का काम करती है। इस अवसर पर वाकिंग ड्रीम्स फाउंडेशन बिजनौर की संचालिका अंकिता अग्रवाल और मैनेजर शुभ विश्नोई ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।