शमीम की फाइल फोटो, बस के पहिये के नीचे आई बाइक।
- फोटो : अमर उजाला
बढ़ापुर से नगीना जा रही निजी बस ने मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे अनियंत्रित होकर दो बाइकों को चपेट में ले लिया। एक बाइक पर सवार बढ़ापुर के मोहल्ला नौमी निवासी शमीम अहमद (75) व उनकी पत्नी रशीदा (60) की मौत हो गई, जबकि नगीना के एक बैंक में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
हादसा ग्राम तैयबपुर के करीब हुआ। बढ़ापुर से नगीना जा रही निजी बस अनियंत्रित होकर दो बाइकों से टकरा गई। इस घटना में एक बाइक पर सवार होकर नगीना से बढ़ापुर अपने घर वापस जा रहे शमीम अहमद व उसकी पत्नी रशीदा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार बढ़ापुर के ही रहने वाले बैंक कर्मी कमल कुमार (40) को भी गंभीर चोटें आईं।
दोनों बाइक बस के पहिए के नीचे आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। एक बाइक बस के साथ काफी दूर तक घिसटते हुए चली गई। सूचना मिलने पर ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने तीनों घायलों को नगीना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शमीम अहमद को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल रशीदा को जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। शमीम अहमद बढ़ापुर में किराना की दुकान करते थे। घायल कमल का उपचार चल रहा है। चालक बस को मौके पर छोड़कर भाग गया। सीओ डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।