रेहड़ में रायपुरी बॉर्डर पर पुलिस चौकी के नजदीक एक बाइक आगे चल रही क्रेन से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक मोहम्मद इकबाल (38) पुत्र साबिर अहमद की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और चार माह का बच्चा घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जसपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मूल रूप से नजीबाबाद के रहने वाले मोहम्मद इकबाल वर्तमान में बख्शी वाला फाटक कोतवाली बिजनौर में रहते हैं। मंगलवार को अपनी पत्नी नाहिदा खातून एवं चार माह के पुत्र के साथ बाइक से एक विवाह समारोह में उत्तराखंड के काशीपुर जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीर सावरकर पुलिस चौकी के समीप अचानक बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही क्रेन से टकरा गई।
हादसे में तीनों बाइक सवार गंभीर घायल हो गए। साथ ही उनकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तुरंत एक निजी एंबुलेंस से तीनों को सरकारी अस्पताल जसपुर में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने इकबाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि नाहिदा और बच्चे को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मृतक के पिता शब्बीर अहमद ने बताया कि इकबाल सेल्समैन का कार्य करता था। शादी के आठ साल बाद उसके यहां बेटा हुआ था। जसपुर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, सीओ आलोक कुमार सिंह ने बताया कि क्रेन को पुलिस के कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक भाग गया। इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।