बिजनौर-बदायूं हाईवे जलभराव से राहगीर परेशान
चांदपुर। बिजनौर-बदायूं हाईवे पर चांदपुर में हाईवे किनारे के दुकानदारों व गुजरने वाले वाहनों व आम आदमी को जलभराव से निजात नहीं मिल पा रही है। सड़क पर भारी जलभराव से वाहन चालक, दुकानदार व आम आदमी को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
बिजनौर-बदायूं हाईवे पर चांदपुर में अनेक अस्पताल, दुकान, स्कूल, गैस एजेंसी आदि संचालित है। इस रोड से बिजनौर से गजरौला, बदायूं आदि की ओर आने जाने वाले वाहनों सहित स्थानीय वाहन व आम आदमी का आना जाना लगा रहता है। हाईवे पर कफील नर्सिंगहोम से लेकर एलआईसी ऑफिस के पास तक नालों के पानी की सही निकासी न होने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही सड़क पर भारी मात्रा में पानी भर जाता है। जलभराव को रोकने की मंशा से एसडीएम व नगरपालिका प्रशासक कुंवर वीके मौर्य ने बरसात शुरू होने से पूर्व नालों की सफाई का कार्य भी कराया, लेकिन जलभराव की समस्या ज्यो की त्यो बनी हुई है। पीडब्लूडी विभाग द्वारा भी अनेक बार सड़क पर पानी भरने से सड़क के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की लेकिन समस्या अपनी जगह बनी रही। पानी भरने से सड़क में गड्ढे भी हो गए हैं जिससे वाहन पलटने का खतरा भी बना रहता है।