स्योहारा में लापता युवक का शव उसी के खेत पर रखे तख्त पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। युवक की गर्दन और सीने पर चोट के निशान हैं। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस जांच करने की बात कह रही है।
विज्ञापन
रॉकी पुत्र खूब सिंह निवासी ग्राम लाम्बाखेड़ा बुधवार दोपहर से घर से गायब था। परिजनों ने उसे तलाश करने का काफी प्रयास किया लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। बुधवार रात्रि एक बजे रॉकी का शव घर से 50 मीटर की दूरी पर उसी के खेत ने लकड़ी के तख्त पर पड़ा मिला। रॉकी की गर्दन व सीने पर चोट के निशान थे। पुलिस ने रात्रि में ही शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। रॉकी अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। परिजनों के अनुसार उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उसकी हत्या की गई है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मृतक के गले पर रस्सी का निशान हैं। मगर आसपास कोई रस्सी नहीं मिली। जिस जगह पर शव मिला, वहां परिजन कई बार जाकर तलाश कर चुके थे। उसे मृत अवस्था में ही यहां फेंका गया है। सीओ धामपुर सर्वम सिंह का कहना है कि युवक की हत्या हुई है या आत्महत्या की है। इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जायेगा।