मुजफ्फरनगर के देवल में बरसात के चलते मिट्टी बहकर सड़क आ गई। इस मिट्टी में ट्रक धंसने की वजह से मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे पर रविवार रात तीन बजे जाम लग गया। देवल से सड़क के दोनों ओर करीब 30 किलोमीटर तक वाहनों की कतार रही। सोमवार सुबह नौ बजे उक्त ट्रक को हटवाया गया। दोपहर 12 बजे तक यातायात सुचारू हो पाया। छह घंटे तक तक सड़क पूरी तरह से बंद रही।
रविवार रात करीब तीन बजे सड़क पर मिट्टी में ट्रक धंसने पर हाईवे पर वाहनों के पहिए जाम हो गए। देवल से मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने लगी। साढ़े तीन बजे तक वाहनों की कतार बिजनौर बैराज तक पहुंच गई। बिजनौर की यातायात पुलिस सक्रिय हुई। रात में पुलिस जिले की सीमा पार करते हुए देवल पहुंची, साथ ही मुजफ्फरनगर पुलिस को खबर दी। रात में तमाम प्रयास के बाद भी जाम नहीं खुल सका।
सुबह नौ बजे तक सड़क पूरी तरह से बंद रही। इसके बाद ट्रक को पुलिस ने जैसे तैसे कर हटवाकर वाहनों को निकलवाया। लेकिन सड़क पर यातायात को सुचारू होने में दोपहर 12 बजे तक का वक्त लगा। बरसात के बीच जाम को खुलवाना पुलिस के लिए चुनौती से कम नहीं रहा।
सुबह आठ बजे स्टेट हाईवे पर रोके गए वाहन
मुरादाबाद की ओर से मुजफ्फरनगर की तरफ जाने वाले ट्रकों को बिजनौर में कृष्णा कॉलेज के पास सुबह आठ बजे से रोका गया। इसके साथ ही नूरपुर से बिजनौर मार्ग पर कई जगह ट्रकों को खड़ा कराया गया। ऐसा इसलिए किया गया कि बिजनौर शहर में चक्कर रोड जाम ना हो जाए। क्योंकि अगर चक्कर रोड जाम हो जाती तो पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था का ठप होना तय था। बिजनौर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के कारण भी बिजनौर यातायात पुलिस ने मेरठ-पौड़ी हाईवे पर जाम को खुलवाने में दिलचस्पी दिखाई।
ड्यूटी नहीं जा पाए नौकरीपेशा, रात सड़क पर गुजारी
हाईवे पर जाम में फंसे लोगों ने रात सड़क पर ही गुजारी। जाम में फंसे लोग भी कसमसा कर रह गए। यहां लोग मेरठ से रोजाना आवाजाही करते हुए बिजनौर में ड्यूटी करते हैं। वहीं तमाम लोग बिजनौर के रहने वाले मेरठ या मुजफ्फरनगर में जॉब करते हैं। अब सड़क पर जाम लगा तो ये लोग ड्यूटी नहीं जा सके।
ये बोले एएसपी
देवल में ट्रक धंसने से हाईवे पर जाम लगा था। जोकि बिजनौर तक आ पहुंचा। ऐसे में बिजनौर की यातायात पुलिस को गंगा बैराज के पार भेजकर जाम खुलवाया गया।
- संजीव वाजपेयी, एएसपी सिटी