धामपुर तहसील में धरना देते भारतीय किसान मजदूर संघ के कार्यकर्ता।
- फोटो : DHAMPUR
भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं का धरना
धामपुर। भारतीय किसान मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को तहसील में धरना दिया। समस्याओं का निदान न होने पर अधिकारियों की कार्यशैली पर असंतोष जताया। बताया कि बार-बार अवगत कराने के बाद भी अधिकारी उनकी समस्याओं का निदान कराने में रुचि नहीं ले रहे।
ब्लॉक अध्यक्ष नृपेंद्र कुमार ने कहा कि गांव नंगला गन्ना में वन विभाग के खैर के पेड़ों का पिछले कई महीनों से अवैध कटान हो रहा है। कई बार शिकायत की, लेकिन आरोपियों पर अभी तक कार्रवाई नहीं हुई। गांव नैंसीवाला में हनुमान मंदिर के ऊपर से उच्च क्षमता की बिजली की लाइन है। उसे हटवाने को प्रार्थना दिए, पर निगम के अधिकारियों पर कोई असर नहीं हुआ। रामठेरा गांव में बीडीओ अमरीश कुमार ने निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण, मनरेगा व सार्वजनिक शौचालयों निर्माण में धांधली पकड़ी। बीडीओ ने ग्रामीणों को सचिव, ग्राम सेवक और प्रधान पर कार्रवाई करने का भरोसा दिया था, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। कार्यकर्ताओं ने गांव बमनौली में सड़कों पर हुए अतिक्रमण को हटवाने की मांग की है। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने डीएम को ज्ञापन सौंपा और निदान की मांग की। प्रदर्शनकारियों में सुकर्मपाल सिंह राणा, सुवेश कुमार, सुरेश कुमार, देवेंद्र सिंह, हरिओम, भवन, सुरेश, दिनेश, मलखान सिंह, सुनील कुमार रहे।