भाकियू भानू का धरना तीसरे दिन भी जारी
बिजनौर। भाकियू भानू का जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय में धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। किसानों ने गन्ना मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष कुलवीर सिंह ने कहा कोई भी किसानों की बात करने को तैयार नहीं है। चीनी मिलों के चक्के घूम चुके हैं और किसानों को अपना गन्ना डालने के लिए धरना देने को मजबूर हैं। कहा झलरी, जलपुरा व ककड़पुर के किसानों की बात नहीं सुनी तो आंदोलन जारी रहेगा। इन गांवों के किसानों के अलग गन्ना क्रय केंद्र बनना चाहिए। किसानों को पिछले साल का बकाया भुगतान ब्याज सहित मिलना चाहिए। नए पेराई सत्र में गन्ना मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल करने, कागज की गन्ना पर्ची भिजवाने, गन्ना भुगतान न होने तक बकाएदार किसानों का बिजली कनेक्शन न काटने की मांग की। इस दौरान जिला प्रभारी नरेश प्रधान, पूर्व जिलाध्यक्ष धूम सिंह, राजेंद्र सैनी, ओमप्रकाश सिंह, बलवीर सिंह, संतराम सैनी आदि मौजूद रहे।