चांदपुर में भाकियू ने वाया चांदपुर गजरौला व नजीबाबाद जाने वाली बंद पड़ी पैस‘ेंजर ट्रेनों के संचालन की मांग को लेकर रेलवे स्टेशन पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। यूनियन ने रेलवे विभाग के डीआरएम मुरादाबाद को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार व रेलवे स्टेशन अधीक्षक को सौंपा।
भाकियू ने बंद पैसेंजर ट्रेनों के संचालन एवं किसानों की समस्याओं को लेकर शुक्रवार को धरना शुरू किया। धरने पर पहुंचे तहसीलदार देवेंद्र कुमार पांडेय तथा रेलवे स्टेशन अधीक्षक मुजफ्फर मलिक को डीआरएम मुरादाबाद को संबोधित ज्ञापन दिया गया। इसमें चांदपुर से गुजरने वाली बंद पैसेंजर ट्रेन गजरौला-नजीबाबाद पैसेंजर 51381, नजीबाबाद-गजरौला पैसेंजर 54384, मुरादाबाद-नजीबाबाद पैसेंजर 54395, नजीबाबाद-मुरादाबाद 54396 पैसेंजर के संचालन की मांग की गई है।
यूनियन का कहना है कि बंद पैसेंजर ट्रेनों के कारण चांदपुर क्षेत्र से बिजनौर, नजीबाबाद जाने वाले दैनिक यात्रियों, छात्रों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, कलेक्ट्रेट व जजी जाने वाले लोगों, किसानों, मजदूरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बिजली विभाग द्वारा किसानों को ट्रांसफार्मर समय से उपलब्ध कराने, सभी प्रजाति के गन्ने की खरीद करने, बैंकों में किसानों के उत्पीड़न को रोकने, जलीलपुर बिजलीघर से खादर क्षेत्र में जाने वाली जर्जर विद्युत लाइनों को शीघ्र बदलवाने आदि की मांग की गई हैं। धरने पर कुलदीप सिंह, रामपाल सिंह, चौधरी लुधियान सिंह, अशोक कुमार, कुलदीप शर्मा, कल्याण सिंह, मुखिया रामफल आदि मौजूद रहे।