चार दिन में बिजली आपूर्ति में सुधार न होने पर फिर से आंदोलन की चेतावनी दी
सरकड़ा बिजलीघर पर की गई तालाबंदी, आजाद समाज पार्टी ने दिया समर्थन
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। बिजली कटौती से आक्रोशित भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अधीक्षण अभियंता के कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्युत वितरण मंडल धामपुर के एसई, खंड प्रथम और द्वितीय के अधिशासी अभियंताओं को करीब एक घंटे तक अपने साथ धूप में में धरने पर बैठाए रखा। चेताया कि चार दिन में बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो फिर आंदोलन होगा। उधर, गांव सरकड़ा में भाकियू लोक शक्ति कार्यकर्ताओं ने बिजलीघर में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। आजाद समाज पार्टी के मंडल महासचिव एवं सांसद प्रतिनिधि विवेक सेन ने किसानों के आंदोलन का समर्थन किया।
भाकियू के तहसील अध्यक्ष गजेंद्र सिंह टिकैत के नेतृत्व में चार ब्लॉक क्षेत्र के कार्यकर्ता सोमवार को विद्युत वितरण मंडल कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। कहा कि बिजली की अघोषित कटौती से उपभोक्ता परेशान हैं। आरोप है कि अफजलगढ़ में किसानों की शिकायत पर एक जेई को हटवाया गया था, लेकिन आरोपी जेई फिर भी वहीं काम कर रहा है। या तो अधिकारी उसे वहां से स्थायी तौर पर हटा दें, नहीं तो उसके साथ किसी प्रकार की कोई वारदात हो गई तो इसके लिए निगम के अधिकारी जिम्मेदार होंगे। पूर्व तहसील अध्यक्ष कविराज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जब 24 घंटे बिजली आपूर्ति की घोषणा कर रखी है तो बिजली कटौती क्यों हो रही है। कार्यकर्ताओं ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान महेंद्र सिंह, शैलेंद्र सिंह, निजामुद्दीन, महात्मा विजय जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष बाबूराम तोमर आदि रहे।
उधर, भाकियू लोकशक्ति के ब्लॉक प्रवक्ता घनश्याम पांडे के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सरकड़ा बिजलीघर पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के आक्रोश को देख बिजलीघर पर तैनात कर्मचारी भाग खड़े हुए। घनश्याम पांडे ने कहा कि जब तक बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर गांव के लोग बड़ी संख्या में बिजलीघर पर एकत्र रहे।
धामपुर में अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपते कार्यकर्ता। संवाद
धामपुर में अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपते कार्यकर्ता। संवाद