नूरपुर में पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने व्यापारियों से जीएसटी के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि संगठन द्वारा छोटे से छोटे व्यापारी का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा और किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल व प्रदेश महामंत्री मुकुल अग्रवाल का नूरपुर पहुंचने पर व्यापारियों ने स्वागत किया। एक बैंक्वेट हॉल में रवि प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि एक जुलाई से देश में जीएसटी लागू होने जा रहा है। उन्होंने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि संगठन व्यापारियों की हितों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर है और किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।
संगठन की युवा इकाई के प्रदेश कोषाध्यक्ष तसलीम अहमद ने व्यापारियों की समस्याएं बताईं। कस्बा इंचार्ज मुकेश शुक्ला द्वारा नूरपुर में गाड़ियों में सुंआ घोंपकर पंचर करने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से जो लोग खरीदारी करने के लिए नगर में पहुंचते हैं, उनकी गाड़ियों में पंचर कर दिया जाता है। इसके साथ ही दुकान के सामने बाइक खड़ी कर सामान खरीदने पर लोगों से अभद्र व्यवहार किया जाता है।
खरीदार आने कम हो गए हैं और व्यापारियों को नुकसान हो रहा है। व्यापारियों ने कस्बा इंचार्ज व थाना प्रभारी निरीक्षक को हटाने की मांग रखी और इस संबंध में एसपी से मिलने का निर्णय लिया। सरदार रवींद्र सिंह, डॉ. मनुजेंद्र गुप्ता, जेडी शर्मा, विकास आदि व्यापारी मौजूद रहे।