संभल जाओ, खतरा अभी टला नहीं है
बिजनौर। बाजार में अब हालात पहले की तरह सामान्य होते दिख रहे हैं। वाहन फर्राटा मारते हुए सड़कों पर दौड़ रहे हैं। दोपहिया वाहनों के साथ-साथ अब जनता चौपहिया वाहन लेकर भी सड़कों पर आ रही है। दोपहर में भी सड़कों पर लोगों की भीड़ कम नहीं हो रही है। लॉकडाउन के समय चलाया गया पुलिस का वाहन चेकिंग अभियान अब भी जारी है।
अनलॉक एक में प्रशासन से कुछ छूट दी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि जनता बेपरवाह हो जाए। लोगों को स्वयं समझना होगा कि खतरा अभी टला नहीं है। इन हालातों में पहले से ज्यादा जागरूक रहने की जरूरत है, तभी संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है। यह लापरवाही लोगों को भारी पड़ सकती है। सोमवार को बाजार में सुबह से ही लोगों की भीड़ रही। लोग अब कोरोना और पुलिस से बेफिक्र होकर सड़कों पर आ रहे हैं। अब तक बाजार में दोपहिया वाहन ही दिखते थे। चौपहिया वाहन इक्का दुक्का ही दिखता था। सोमवार से चौपहिया वाहन भी सड़कों पर उतर आए हैं। बाजार में अब भीड़ ऐसे आ गई है जैसे कोरोना खत्म हो गया है और अब कोई डर नहीं है। कुछ दुकानों पर भीड़ भी आ रही है। हालांकि दुकानदार ग्राहकों से लगातार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील कर रहे हैं। पुलिस ने वाहनों की चेकिंग के लिए लॉक डाउन के समय चलाया अभियान सोमवार को भी जारी रखा। पुलिस बिना हेलमेट के सड़क पर आ रहे लोगों के लगातार चालान काट रही है। हर चौराहे पर चेकिंग की जा रही है। एसडीएम बृजेश कुमार का कहना है कि जनता बेवजह घर से बाहर न निकले। सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन करते रहें। वाहनों चालकों के खिलाफ पुलिस का अभियान अभी जारी रहेगा।