निजी भवनों पर अब नहीं लगेंगे कंपनियों के बैनर, होर्डिंग
धामपुर। अब कोई भी नागरिक अपने निजी भवन पर कंपनियों के प्रचार संबंधी बैनर, होर्डिंग और फ्लेक्सी नहीं लगा सकेगा। नगर पालिका अभियान चलाकर गैर कंपनियों की लगी प्रचारित सामग्री को हटवाएगी। हालांकि इस मामले को लेकर कुछ स्थानों पर लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। लेकिन उनकी नहीं चली।
पालिका के अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि अब कोई भी व्यक्ति अपने निजी भवनों पर शासनादेशों के तहत गैर कंपनियों के प्रचार की सामग्री, बैनर, होर्डिंग आदि नहीं लगा सकेगा। जो ऐसा करने का प्रयास करेगा तो प्रचार संबंधी सामग्री को तो जब्त कर लिया जाएगा और उस पर कानूनी कार्रवाई होगी। पांच हजार रुपये तक का जुर्माना वसूला जाएगा।
गौरतलब है कि अतिक्रमण और कब्जों को हटाने के साथ-साथ अब नगर पालिका में निजी भवनों पर गैर कंपनियों और संस्थाओं की लगी प्रचार संबंधी सामग्री को भी हटवाने को अभियान चल रहा है। टीचर्स कॉलोनी के पास कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया। लेकिन उनकी एक नहीं चली। संवाद