बिजनौर के कोतवाली देहात में कैश नहीं मिलने से खफा लोगों ने कोतवाली देहात में पंजाब नैशनल बैंक की शाखा के मुख्यद्वार का चैनल बंद कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने बैंक के सामने कोतवाली-बिजनौर मार्ग को जाम कर दिया। बैंक प्रशासन व ग्राहक प्रतिनिधियों के बीच समझौता वार्ता के बाद बैंक का कार्य शुरू हुआ।
बृहस्पतिवार को कोतवाली देहात में बिजनौर रोड पर पंजाब नैशनल बैंक की शाखा है। दोपहर में बैंक में रुपये खत्म होने पर क्षुब्ध ग्राहकों ने बैंक की शाखा का चैनल बंद कर दिया। हंगामा करते हुए बैंक के सामने कोतवाली-बिजनौर मार्ग पर जाम लगा दिया। मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग लग गई । सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी नगीना हरमोहन सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली देहात रमेशचंद यादव मौके पर पहुंचे। सीओ नगीना, किसान नेता व ग्राहक सुरपाल सिंह, अब्दुल गफ्फार, समरपाल सिंह, दिपेश राठी, बाबू कुरैशी, जहीरूल हसन व शाखा प्रबंधक उमेश कुमार के बीच वार्ता हुई। इसमें समझौते के बाद छह सौ ग्राहकों को टोकन बांटे गए। टोकन वाले ग्राहकों को प्राथमिकता के आधार पर शुक्रवार को केश वितरित किया जाएगा। उधर, सीओ हरमोहन सिंह व किसान सुरपाल सिंह ने ग्राहकों की समस्या को देखते हुए एलबीओ से वार्ता कर और दिनों की अपेक्षा चार लाख रुपये अधिक केस भेजने का आग्रह किया। बैंक के उच्चाधिकारियों ने कोतवाली बैंक में अधिक केस भेजने का आश्वासन दिया। उधर, शाखा प्रबंधक उमेश कुमार ने कहा कि बैक में कुल नौ लाख रुपये उपलब्ध थे, जो वितरित किए जा चुके थे। खाताधारकों की संख्या अधिक होने से वितरण को भेजी जा रही रकम पर्याप्त नहीं है।