बिजनौर में जिला निर्वाचन अधिकारी जगतराज ने बताया कि जिला प्रशासन मतगणना कार्य निष्पक्ष और पारदर्शिता से संपन्न कराने के लिए कटिबद्ध है। उसके लिए समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गईं हैं। उन्होंने कहा कि मतगणना 11 मार्च को प्रात: आठ बजे से प्रारंभ होगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के वोटों की गिनती के लिए 14 टेबल लगाई जाएंगी। एक अन्य टेबल एआरओ के लिए निर्धारित होगी।
विकास भवन के सभागार में राजनैतिक दलों पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में जिलाधिकारी सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि मतगणना कार्य में पारदर्शिता के लिए अपने-अपने अभिकर्ताओं के नामों को तत्काल संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध करा दें ताकि समय से उन्हें पहचान पत्र उपलब्ध कराए जा सकें।
इसके अलावा उन्होंने मतगणना एजेंटों की नियुक्ति के लिए सभी आरओ को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय में एजेंटों की नियुक्ति का कार्य सुनिश्चित कर लिया जाए। मतगणना के दिन किसी भी व्यक्ति को एजेंट नियुक्त नहीं किया जाएगा और न ही किसी मतगणना अभिकर्ता को मतगणना स्थल पर मोबाइल ले जाने की अनुमति होगी। उन्होंने बताया कि मतगणना अभिकर्ता केवल कैल्कुलेटर अपने साथ ले जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि मतगणना के समय चाय, नाश्ते एवं लंच पैकेटों की व्यवस्था के लिए जिला पूर्ति अधिकारी, उप सम्भागीय विपणन अधिकारी और मुख्य खाद्य निरीक्षक एवं मतगणना हॉलों की तैयारी के लिए अधिशासी अभियंता लोनिवि तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को नामित करते हुए समयपूर्वक समस्त तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
बताया कि मतगणना स्वतंत्र और शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतगणना के दौरान व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले में घारा 144 लागू है। आयोग द्वारा विजय जुलूस पर पाबंदी लगाई गई है। कोई भी विजयी प्रत्याशी जीत के जश्न में जुलूस का आयोजन न करें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी, मुख्य विकास अधिकारी डा. इंद्रमणि त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वि/रा सुरेंद्र राम, प्रशासन मदन सिंह गर्भयाल के अलावा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
‘जीत के जोश में होश बिल्कुल न खोएं’
बिजनौर में एसपी अजय साहनी ने कहा कि जिले में दुल्हैंडी के रंग की वीडियो रिकार्डिंग कराई जाएगी। होली पर कही भी नई परंपरा शुरू नहीं होगी। मस्जिदों के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। एसपी ने कहा कि मतगणना के बाद कोई भी विजयी प्रत्याशी जुलूस नहीं निकालेगा और न ही जीत की खुशी में फायरिंग भी कोई नहीं करेगा। इन दोनों बातों पर प्रतिबंध लगा दिया गया हैं।
मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित क्राइम मीटिंग में एसपी ने कहा कि होली पर पूरे जिले में विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। दुल्हैंडी के जुलूस को लेकर कही कोई विवाद न हो जुलूस की हर जगह वीडियो रिकार्डिंग कराई जाएगी। ऐसी मस्जिदों के पास विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी, जिनके पास से जुलूस निकालता है। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को इस बात पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। शहर व देहात क्षेत्र में अफसरों की टीम जुलूस की निगरानी करेगी। कहीं भी कोई बात होने पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंचेगी। होली पर पुरानी परंपरा ही कायम रहेगी। नई परंपरा किसी भी सूरत में शुरू नहीं होने दी जाएगी। एसपी ने कहा कि मतगणना के बाद कोई भी विजयी प्रत्याशी जुलूस नहीं निकालेगा।
जीत की खुशी में फायरिंग भी कोई नहीं करेगा। इन दोनों बातों पर प्रतिबंध लगा दिया गया हैं। इलाके के थाना प्रभारी पुलिस सुरक्षा में विजयी प्रत्याशी को उनके घर छोड़ कर आएंगे। एसपी के मुताबिक प्रत्याशियों की बैठक में प्रत्याशियों को भी विजयी जुलूस न निकालने के बारे में बता दिया गया है। मतगणना के दौरान प्रत्याशियों को कहां अपना वाहन खड़ा करना है, यह भी बता दिया गया हैं। बैठक में एसपी सिटी एम एम बेग, एसपी देहात डा. धर्मवीर सिंह , सभी सीओ व थाना प्रभारी मौजूद रहे।