अपर सांख्यिकी अधिकारी की गिरफ्तारी पर लगाई रोक
बिजनौर। हाईकोर्ट ने कथित उर्वरक गबन के मामले में आरोपी बनाए गए अपर सांख्यिकी अधिकारी वरुण कुमार की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है तथा रिपोर्ट कर्ता व गन्ना विभाग से जवाब दाखिल करने को कहा है।
राष्ट्रीय बचत विभाग में अपर सांख्यिकी अधिकारी वरुण कुमार ने हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में कहा है कि उसके पिता विनोद कुमार गन्ना विभाग में गन्ना परिवेक्षक के रूप में कार्यरत थे। उनकी 28 नवंबर 2018 को मौत हो गई। मौत के बाद समिति में हुए 87 लाख रुपये के नुकसान की भरपाई के लिए विनोद कुमार के कानूनी वारिशों को कानूनी नोटिस जारी किया गया है। जिस पर हाईकोर्ट ने 31 मई 2019 को रोक लगा दी है। ये मामला हाईकोर्ट में अभी भी विचाराधीन है। हाईकोर्ट के स्ट्रे के बावजूद गन्ना समिति के सचिव ने 20 सितंबर 2021 को एक रिपोर्ट दिवंगत विनोद कुमार व उनके पुत्र वरुण कुमार के खिलाफ दर्ज करा दी। वरुण कुमार का कहना है कि वह अलग विभाग में कार्यरत हैं, वह कॉपरेटिव सोसाइटी के सदस्य नहीं हैं। उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। उनके विरुद्ध गलत तरीके से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।