पुलिस को घटना के बारे में जानकारी देता व्यापारी प्रदीप।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के शंभा बाजार में रविवार को दिनदहाड़े आटा खरीदने के बहाने आए बदमाशों ने एक व्यापारी को लूटने का प्रयास किया। व्यापारी बदमाशों से भिड़ गया और तमंचा छीन लिया। व्यापारी के शोर मचाने पर लोगों को आता देख बदमाश भाग गए। भागते समय एक बदमाश सीसी कैमरे में कैद हो गया। उसकी पहचान कराई जा रही है।
बिजनौर के शंभा बाजार में सांई मंदिर के पास प्रदीप खन्ना उर्फ लच्छू की आटा चक्की है। आटा चक्की का एक रास्ता मुख्य मार्ग तो दूसरा साई मंदिर से पुरानी तहसील के पीछे से जाता है। रविवार दोपहर ढाई बजे दो युवक बाइक से पुरानी तहसील के रास्ते से आटा चक्की पर पहुंचे। व्यापारी प्रदीप खन्ना से दस किलो आटा लिया। आटे के बदले बदमाशों ने उन्हें पांच सौ का पुराना नोट दिया।
व्यापारी ने पुराना नोट लेने से मना कर दिया। बदमाश नोट को खुला कराने के बहाने गए और अपने तीन साथियों को ले आए। बदमाशों ने एक रास्ते का शटर गिराकर व्यापारी प्रदीप खन्ना को तमंचे के बल पर दबोच लिया और उन्हें घर के अंदर ले जाने लगे।
इसी बीच, व्यापारी बदमाशों से भिड़ गया और उनका तमंचा छीन लिया। शोर सुनकर व्यापारी का भतीजा एकंाश और पड़ोसी नवीन भारद्वाज दौड़कर पहुंचे। एक बदमाश को उन्होंने पकड़ भी लिया। लेकिन वह छूटकर अन्य साथियों के साथ भाग गया।
व्यापारी ने बताया कि 315 बोर का तमंचा लोड था। बाद में सीओ सिटी असित श्रीवास्तव और शहर कोतवाल शैलेंद्र प्रताप गौतम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की पर कोई नहीं मिला। पुलिस नेे आसपास की दुकानों पर लगे सीसी कैमरों को खंगाला तो एक कैमरे में एक बदमाश भागता हुआ मिला है। इस बदमाश की पहचान कराई जा रही है। शहर कोतवाल शैलेंद्र गौतम के मुताबिक फरार बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।