भाजपा से अवधेश, निर्दलीय तपराज ने कराया नामांकन
नजीबाबाद। नजीबाबाद ब्लॉक प्रमुख पद के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो प्रत्याशियों ने नामांकन कराए। इनमें भाजपा के अवधेश और निर्दलीय तपराज ने नामांकन पत्र दाखिल कराया।
ब्लॉक प्रमुख नजीबाबाद पद के लिए नामांकन प्रक्रिया एआरओ लोनिवि के एक्सईएन सनतगुप्त ऋषि की देखरेख में संपन्न हुई। पहले नामांकन के लिए पहुंचे निर्दलीय प्रत्याशी स्टोन क्रशर स्वामी तपराज सिंह ने नामांकन कराया। भाजपा प्रत्याशी पूर्व ब्लॉक प्रमुख अवधेश कुमार ने करीब दो बजे नामांकन पत्र भरा। भाजपा प्रत्याशियों की ओर से दो नामांकन पत्र दाखिल किए गए। एसडीएम परमानंद झा, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी दिनेश गौड़ के नेतृत्व में भारी पुलिस बल नामांकन पत्र जमा करने के दौरान उपस्थित रहा।
नामांकन से पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी तपराज सिंह के समर्थक बड़ी संख्या में रवा राजपूत धर्मशाला में एकत्र हुए। भाकियू किसान यूनियन के युुवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह सहित बड़ी संख्या में किसानों ने तपराज सिंह को समर्थन दिया। वहीं, भाजपा प्रत्याशी अवधेश कुमार के बड़ी संख्या में समर्थक सुरेश बैंक्वेट हॉल में एकत्र हुए। भाजपा नेता राजीव अग्रवाल, राजन टंडन गोल्डी, आशु सिंघल, राजकुमार, जुगनेश कुमार, राकेश त्यागी, संजय त्यागी एड. सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं किसान नेताओं ने अवधेश कुमार को समर्थन दिया।