- घर पर नहीं मिला कोई सामान, पुलिस ने उखाड़े खिड़की-दरवाजे
फोटो-30
संवाद न्यूज एजेंसी
स्योहारा। छह माह से फरार प्रदेश माफिया घोषित कुख्यात आदित्य राणा के घर की कुर्की की गई। उसके घर पर कोई सामान तो नहीं मिला तो पुलिस ने उसके घर में लगे खिड़की दरवाजे उखाड़ लिए।
बृहस्पतिवार की शाम शाहजहांपुर के थाना राम चंद्र मिशन के अपराध निरीक्षक भारत सिंह ढ़ाई लाख के इनामी प्रदेशीय माफिया घोषित आदित्य राणा के घर पहुंचे। कोर्ट के आदेश पर उसके घर की कुर्की की कार्रवाई की। शाहजहांपुर पुलिस ने एक माह पूर्व उसके घर पर कुर्की से पूर्व का 82 उद्घोषणा का नोटिस चस्पा कर दिया था। चार जिलों की पुलिस की कई टीम आदित्य राणा की तलाश में जुटी हुई हैं। आदित्य राणा की फरारी को लगभग छह माह होने को हैं, लेकिन अभी तक कुख्यात आदित्य पुलिस की गिरफ्त से काफी दूर है।
जिला शाहजहांपुर, लखनऊ, रामपुर, बिजनौर की पुलिस ने कुख्यात आदित्य राणा की तलाश में काफी प्रयास कर रही है। हालांकि आदित्य राणा की लोकेशन जिले में मिलने के बाद पुलिस सतर्क भी हैं। एक सप्ताह पूर्व एसओजी क्यूआरटी पीएसी व स्थानीय पुलिस ने राणा नंगला क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांव के जंगलों में कॉम्बिंग भी की थी।
पिछले साल 23 अगस्त को थाना शिवालाकला के एक मुकदमे में बिजनौर कोर्ट में पेशी से लौटते समय शाहजहांपुर स्थित एक खाने के ढाबे से आदित्य राणा पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था। डीजीपी के आदेश पर फरार आदित्य राणा को प्रदेशीय माफिया घोषित कर दिया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर शाहजहांपुर पुलिस ने कुर्की की है। हालांकि उसके घर पर कोई सामान नहीं मिला है। घर में लगे खिड़की दरवाजे उखाड़ कर कुर्की की कार्रवाई की गयी है।