नजीबाबाद। प्रशासन से आश्वासन के बाद भारतीय किसान यूनियन का दो सप्ताह से चला आ रहा अनिश्चितकालीन धरना समाप्त हो गया। प्रशासन ने राजस्व कानूनगो को तहसील से बाहर भेजने का डीएम को पत्र लिखने और अन्य मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
भाकियू का 13 दिनों से विभिन्न मांगों को लेकर तहसीलदार कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन जारी था। कई दौर की वार्ता विफल होने के बाद एसडीएम विजय शंकर और तहसीलदार अमित कुमार से विभिन्न मुद्दों पर किसानों की वार्ता हुई। प्रशासन की ओर से किसानों को सुविधा शुल्क वसूलने वाले राजस्व कानूनगो मुकेश कुमार को तहसील से बाहर स्थानांतरित करने के लिए डीएम को पत्र लिखने की जानकारी दी गई।
ब्लॉक अध्यक्ष के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से गांव कल्हेड़ी मार्ग के उतार-चढ़ाव की ड्राइंग स्वीकृति के लिए भेजने, अभीपुरा- सैदपुरी-चमरौला मार्ग निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करने, जमीनों की पैमाइश शीघ्र कराने, अंश निर्धारण मामलों में कार्रवाई करने सहित विभिन्न मांगों पर प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन से मिले आश्वासन के बाद किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया।
समझौता वार्ता में ब्लॉक अध्यक्ष अवनीश कुमार, प्रांतीय नेता अजय कुमार, जिला उपाध्यक्ष वीरेश राणा, न्याय पंचायत अध्यक्ष अजीत सिंह, ब्लॉक उपाध्यक्ष रामेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष वीरेश राणा, न्याय पंचायत अध्यक्ष अजीत सिंह, ज्ञान सिंह, मुकुल कुमार, अर्जेंद्र सिंह, शगुन, दुष्यंत, विनीत, पप्पू, अहसान, शमशाद, सोमवीर, मास्टर करन सिंह उपस्थित रहे।