मंडावर के बहादपुर जट में डॉ. आम्डेकर की प्रतिमा लगाने पर हुए विवाद के बाद मौके पर जमा भीड़ संवा
- फोटो : kathua news
चंदक/मंडावर। मंडावर थाने के गांव बहादरपुर जट में डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर विवाद हो गया। अनुसूचित जाति के ही एक व्यक्ति ने प्रशासन को इसकी शिकायत कर दी। तहसील और पुलिस के अधिकारियों ने बिना अनुमति लगाई प्रतिमा को हटाने को कहा तो इसका जमकर विरोध हुआ। देर शाम तक भी मामले का कोई नतीजा नहीं निकल सका था।
रविवार को ग्राम बहादुरपुर जट में स्थित आंबेडकर भवन की खाली पड़ी भूमि पर गांव के कुछ ग्रामीणों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी। अनुसूचित जाति के ही एक ग्रामीण ने इसका विरोध जताते हुए पुलिस एवं प्रशासन को शिकायत कर दी। थाना प्रभारी मंडावर मृदुल कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। बिना अनुमति लगाई प्रतिमा को हटाए जाने के लिए कहा गया तो अनुसूचित जाति के महिला-पुरुष इसके विरोध में खड़े हो गए। बहुजन पैंथर पार्टी के पदाधिकारियों का मूर्ति स्थल पर जमावड़ा लग गया। नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी मंडावर ने उनसे कई बार वार्ता की लेकिन लोग मूर्ति न हटाने पर अड़े रहे। देर शाम तक भी कोई नतीजा नहीं निकला था। पुलिस गांव में ही मौजूद थी और ग्रामीण प्रतिमा स्थल के आसपास जमा थे।