नहटौर में उपद्रव में मरे सुलेमान के पिता को पांच लाख रुपए का चैक देते सपा के पूर्व सांसद धर्मेद्र ?
- फोटो : BIJNOR
नहटौर (बिजनौर)। पूर्व सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने नहटौर उपद्रव में मरे दोनों युवकों के परिजनों को पांच-पांच लाख और एक घायल की पत्नी को 50 हजार रुपये के चेक आर्थिक सहायता के रूप में दिए। उन्होंने सपा की सरकार आने पर मुकदमे वापस लेने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
20 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में नहटौर में उपद्रव के दौरान गोली लगने से दो युवक सुलेमान व अनस की मौत हो गई थी व ओमराज सैनी, कफील व सलमान घायल हो गए थे। कस्बा इंचार्ज आशीष तोमर व सिपाही मोहित सहित कई पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए थे। 30 दिसंबर को नहटौर पहुंचे पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने पीड़ितों को मदद का आश्वासन दिया था। रविवार को धर्मेंद्र यादव नहटौर पहुंचे और सुलेमान के पिता व अनस के ससुर को पांच-पांच लाख व घायल ओमराज सैनी की पत्नी को 50 हजार रुपये का चेक दिया। इसके अलावा गोली लगने से घायल हुए कफील व सलमान को भी पार्टी की ओर आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर पूर्व मंत्री स्वामी ओमवेश, मूलचंद चौहान विधायक तसलीम अहमद, नईमउलहसन, मनोज पारस, जिलाध्यक्ष अनिल यादव, जिला प्रवक्ता अखलाक पप्पू, जिलाध्यक्ष मुरादाबाद जयवीर सिंह, राशिद हुसैन, कमरुल इस्लाम, डॉ शहबाज, अमित चौहान, बहाव कुरैशी आदि सपा नेता मौजूद रहे।
‘कानून पूरी तरह है जनविरोधी’
उन्होंने कहा कि पार्टी सीएए व एनआरसी का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रही हैं। यह कानून पूरी तरह से जन विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को बांटने की राजनीति कर रही है। भेदभाव फैलाकर नफरत को बढ़ावा देने का काम कर रही है। कांग्रेस भी भाजपा से कम नहीं है।