बिजनौर में यूपी बोर्ड की परीक्षा छूटने के बाद आरजेपी इंटर कॉलेज के बाहर लगे जाम में फंसी एंबुले
बिजनौर। शहर के बैराज मार्ग पर बुधवार को यूपी बोर्ड की परीक्षा छूटते ही जाम की स्थिति बन गई। दोपहर करीब 12 बजे से लेकर एक बजे तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जाम के कारण राहगीरों, छात्रों और अभिभावकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, जाम में काफी देर एंबुलेंस भी फंसी रही।
बुधवार दोपहर में वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े। जिससे लोगों को अपनी मंजिल तक पहुंचने में भी देरी हुई। बैराज मार्ग पर एक ही लाइन में आरजेपी इंटर कॉलेज, केपीएस, डीडीपीएस, जीआईसी और जीजीआईसी कॉलेज स्थित हैं। परीक्षा समाप्त होते ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एक साथ बाहर निकले। अभिभावक भी बच्चों को लेने के लिए चार पहिया और दोपहिया वाहनों के साथ सड़क किनारे खड़े हो गए। इससे यातायात बाधित हो गया। इतना ही नहीं, मेरठ मरीज को लेकर जाने वाली एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही। एंबुलेंस जाम में फंसने के काफी देर बाद लोगों ने रास्ता बनाते हुए जगह दी। इसके बाद एंबुलेंस मेरठ की ओर रवाना हुई। वहीं, जाम से बचने के लिए कई लोग वैकल्पिक मार्ग तलाशते दिखे।