चीन से स्वदेश लौटा योग शिक्षक मंगोलपुरा का अरुण
बिजनौर। चीन के वुहान शहर में फंसे योग शिक्षक मंगलोपुरा निवासी अरुण धनकड़ सकुशल स्वदेश वापस लौट आए हैं। इससे परिजनों की चिंता दूर हो गई है। परिजनों के अनुसार फिलहाल वह बिल्कुल ठीक है और करीब 14 दिन तक दिल्ली में विशेषज्ञों चिकित्सकों की देखरेख में रहेंगे।
चीन में कोरोना वायरस ने कोहराम मचा रखा है। वहां पर करीब 200 से भी अधिक लोगों की मौत हो गई है। जबकि आठ हजार से अधिक संभावित मरीज मिले हैं। कोतवाली शहर थाना क्षेत्र के गांव मंगोलपुरा निवासी योग शिक्षक अरुण धनकड़ पुत्र ओमपाल धनकड़ करीब 12 दिन से जानलेवा कोरोना वायरस के चलते चीन के वुहान शहर में फंसे थे। इससे परिजनों को उनकी चिंता होने लगी थी। चिंतित परिजन लगातार अरुण से फोन पर संपर्क बनाए हुए थे। अरुण के भाई ललित धनकड़ ने बताया कि जुलाई 2019 में चीन के वुहान शहर गए थे। वह वहां पर बहुमंजिला इमारत में रह रहे थे। अरुण वुहान में योग शिक्षक हैं। ललित के अनुसार अरुण ने वहां पर भारतीय दूतावास में संपर्क किया। इसके बाद केंद्र सरकार चीन में फंसे लोगों को स्वदेश लाने की कवायद शुरू की थी। शनिवार को अरुण धनकड़ सकुशल स्वदेश लौट आए हैं। वह फिलहाल 14 दिन तक विशेष चिकित्सकों की देखरेख में दिल्ली में ही रहेंगे।