बढ़ापुर में इमरजेंसी लैंडिंग के बाद खेत में खड़ा सेना का हेलीकॉप्टर। स्रोत वीडियो ग्रैब
बढ़ापुर। तकनीकी खराबी के कारण भारतीय सेना के एक हेलीकॉप्टर की क्षेत्र के ग्राम रायपुर गढ़ी में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। कीचड़ से भरे खेत में हेलीकॉप्टर को उतारा गया। पायलट ने हेलीकॉप्टर में आई खराबी को ठीक करने के बाद करीब 20 मिनट बाद फिर से उड़ान भरी। इस दौरान सेना का दूसरा हेलीकॉप्टर ऊपर ही उड़ान भरता रहा।
मंगलवार को भारतीय सेना के दो हेलीकॉप्टर क्षेत्र से होकर कहीं जा रहे थे। बढ़ापुर क्षेत्र के ग्राम वन बिटोल के ऊपर से गुजरते समय एक हेलीकॉप्टर में कुछ खराबी आ गई, जिस कारण पायलट को हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। हेलीकॉप्टर को ग्राम नाईवाला निवासी महेंद्र सिंह पुत्र शेर सिंह के खाली पड़े खेत में उतारा गया। यह खेत चरी (ज्वार) की फसल कटने के बाद खाली हुआ था और कई दिन की वर्षा के चलते खेत में कीचड़ और दलदल भी हो गई थी। साथ में उड़ रहा भारतीय सेना का दूसरा हेलीकॉप्टर वहीं उड़ान भरता रहा, जिसे देखकर रायपुर गढ़ी के कुछ ग्रामीण व बच्चे दौड़कर मौके पर पहुंचे और एक हेलीकॉप्टर को खेत में खड़ा देखा। एक पायलट ने हेलीकॉप्टर पर ही खड़े होकर उसमें आई तकनीकी खराबी को दूर किया। उसने वहां पहुंचे ग्रामीणों को हेलीकॉप्टर के पास नहीं आने का इशारा किया। करीब 20 मिनट तक हेलीकॉप्टर खेत में खड़ा रहा। तकनीकी खराबी दुरुस्त होने पर हेलीकॉप्टर ने वहां से उड़ान भरी।
हेलीकॉप्टर के उड़ जाने के बाद कुछ ग्रामीणों ने मौके पर जाकर देखा तो वहां मोबिल ऑयल बिखरा पड़ा था। ग्रामीणों ने कयास लगाया कि हेलीकॉप्टर के इंजन में खराबी आई होगी, जिसके चलते पायलट को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। किसी ग्रामीण ने घटना की थाने पर सूचना दी लेकिन पुलिस पहुंचने से पहले ही हेलीकॉप्टर गंतव्य को जा चुका था। ग्रामीणों ने इस घटना की अपने मोबाइल से वीडियो भी बनाए।
सीओ नगीना राजेश सोलंकी ने बताया कि हेलीकॉप्टर लैंडिंग की सूचना मिली थी। उसमें तकनीकी कमी आई थी, जो बाद में पायलट द्वारा ही ठीक कर ली गई थी।