बिजनौर। फिल्म अभिनेता मुश्ताक खान के अपहरण कांड में शामिल रहे अर्जुन कर्णवाल के बयान दर्ज किए गए। बयान लेने के लिए बिजनौर पुलिस मेरठ जेल पहुंची थी। दरअसल नौ आरोपियों को बिजनौर पुलिस ने पकड़ लिया था जबकि अर्जुन कर्णवाल को मेरठ पुलिस गिरफ्तार कर चुकी थी।
अभिनेताओं का अपहरण करने के बाद फिरौती वसूलने वाला पूरा गिरोह जेल जा चुका है। मुख्य आरोपी लवी पाल और पूर्व सभासद सार्थक चौधरी समेत नौ आरोपियों को बिजनौर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
हालांकि अभिनेता सुनील पाल के अपहरण का केस मेरठ के लालकुर्ती थाने में होने की वजह से अर्जुन कर्णवाल को मेरठ में गिरफ्तार किया गया था। अर्जुन कर्णवाल के मुश्ताक केस में भी शामिल होने की वजह से शहर कोतवाल उदय प्रताप ने मेरठ जेल में पहुंचकर उसके बयान दर्ज किए।
करीब एक घंटा तक विवेचक शहर कोतवाल ने उससे वारदात के संबंध में बयान लिए। वहीं चार जनवरी को बी वारंट के आधार पर बिजनौर पुलिस अर्जुन कर्णवाल को कोर्ट में पेश कर चुकी है। इसके बाद उसे फिर से मेरठ जेल में दाखिल कर दिया गया था।