बिजनौर में इस साल प्रशासन द्वारा सर्किल रेट में मनमानी वृद्धि न कर जनता को राहत दी गई है। सर्किल रेट में दो से दस प्रतिशत की वृद्धि होने के बाद भी वृद्धि का औसत प्रतिशत चार प्रतिशत से भी कम है। खेती की जमीन की कीमतों में भी नाम मात्र की वृद्धि की गई है। नई दरें एक अगस्त से लागू हो जाएंगी।
प्रशासन द्वारा हर साल सर्किल रेट में बढ़ोतरी की जाती है। पिछले कई सालों से जमीन के दामों में दस से 15 प्रतिशत की वृद्धि होती थी, इससे कई क्षेत्रों में जमीन के सर्किल रेट वहां के बाजार भाव से भी अधिक थे। जमीन खरीदने वालों को अधिक स्टांप ड्यूटी देनी होती थी। सर्किल रेट को बाजार के समकक्ष करने के लिए डीएम बी चंद्रकला के आदेश पर लेखपालों की टीम ने सर्वे किया था। इसी के आधार पर नए सर्किल रेट निर्धारित किए गए हैं।
इस बार कामर्शियल एरिया यानी बाजार व उसके पास वाले एरिया में सर्किल रेट में एक रुपये की भी बढ़ोतरी नहीं की गई है। कॉलोनी में जमीन के दामों में भी अधिकतम 300 से 500 रुपये प्रति स्क्वायर मीटर की ही वृद्धि हुई है। शहर के आसपास व विकसित गांवों में जमीन के सर्किल रेट में प्रति हेक्टेयर दो लाख की ही वृद्धि की गई है। दूर दराज के गांवों में एक लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की वृद्धि ही हुई है, यानि खेती की जमीन में कहीं एक प्रतिशत तो कहीं उससे भी कम वृद्धि हुई है। सर्किल रेट में अधिक वृद्धि न होने पर जमीन के खरीदारों पर भी स्टांप ड्यूटी का अधिक भार नहीं पड़ेगा। उप निबंधक स्टांप अशोक कटारिया के अनुसार सर्किल रेट में इस बार सर्किल रेट संतुलित किए गए हैं। सर्किल रेट में अधिक बढ़ोतरी नहीं हुई है।
कॉलोनी की जमीन के रेट
मोहल्ला वर्तमान मूल्य प्रस्तावित मूल्य
खत्रियान 9,000 9,500
नई बस्ती 10,500 11,000
आनंद विहार 7,000 7,300
उमर कॉलोनी 4,500 5,000
दयालकुंज 10,000 10,300
सुरेंद्र नगर 8,000 8,300
खेड़ा हल्दौर 5,000 5,300
खेती की जमीन
फरीदपुर काजी 90 लाख 92 लाख
फरीदपुर उद्दा 1.10 करोड़ 1.12 करोड़
आदमपुर दो करोड़ 2.02 करोड़
इस्लामपुर दास दो करोड़ 2.02 करोड़
(नोट : कॉलोनी के रेट प्रति स्कवायर मीटर व खेती की जमीन के रेट प्रति हेक्टेयर में हैं)