सुरक्षा के बीच होगी अरबी-फारसी मदरसा बोर्ड की परीक्षा
बिजनौर। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने कहा कि जिला प्रशासन अरबी फारसी मदरसा बोर्ड की परीक्षा 2020-21 को नक़लविहीन और शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए कटिबद्ध है, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित मदरसा बोर्ड परीक्षा 2020-21को नकल विहीन, सुचारु और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दे रहे थे। उन्होंने अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि मदरसा बोर्ड परीक्षाओं के लिए चिन्हित सभी नौ केंद्रों का परीक्षा शुरू होने से पहले चैक लिस्ट के आधार पर निरीक्षण कर लें। सुरक्षा व्यवस्था के लिए निर्धारित परीक्षा केंद्रों और छात्र-छात्राओं की सूची एसपी को उपलब्ध करा दें, ताकि उनके स्तर से आवश्यक सुरक्षा का प्रबंध किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि मदरसों की छात्राओं के लिए विशेष सुरक्षा का प्रबंध करें तथा महिला पुलिस को भी वहां तैनात करना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा से पूर्व परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों की सहूलियत के लिए निश्चित रूप से कंट्रोल रूम की स्थापना की जाए, ताकि ऐसे परीक्षार्थी जिनके आवेदन किसी त्रुटिवश निरस्त कर दिए गए हैं, वे पूर्व में ही आवश्यक जानकारी प्राप्त कर लें। इस अवसर पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नौशाद अहमद, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी महेश चंद्र सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
नौ परीक्षाकेंद्र किए गए निर्धारित
मदरसा परीक्षा 2020-21 के अंतर्गत जिले में मदरसों में अध्ययनरत मुंशी, मौलवी, आलिम, कामिल एवं फाजिल के 4383 परीक्षार्थियों की परीक्षा के लिए कुल नौ परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिनमें मदरसा बोर्ड की परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।