बिजनौर। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय मुरादाबाद के कुलपति प्रोफेसर सचिन महेश्वरी ने कहा कि पोस्ट ग्रेजुएशन में एमए, एमएससी, एमकॉम पोस्ट ग्रेजुएशन में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 25 है। कहा कि प्रोफाइल रजिस्ट्रेशन के बिना पोस्ट ग्रेजुएशन के किसी भी कोर्स में दाखिला नहीं होगा।
कुलपति प्रोफेसर सचिन महेश्वरी ने सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर संचालित सभी कोर्स की फीस का ब्योरा उपलब्ध कराया जाएगा। सभी एडेड महाविद्यालयों में हेल्पडेस्क बनाई गई है। विश्वविद्यालय की गुणवत्ता को और ज्यादा बढ़ाने के लिए शिकायतों का तत्परता एवं गुणवत्ता के साथ निस्तारण किया जाएगा। कहा कि विश्वविद्यालय की प्रोफाइल तैयार करने में बिजनौर की टीम का बहुत योगदान है। इसके लिए उन्होंने टीम को बधाई दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य प्रधानमंत्री के विजन को आगे बढ़ना और भारत को विकसित देशों की श्रेणी में सशक्त रूप से खड़ा करना है।
उन्होंने बताया कि मुरादाबाद स्थित गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय द्वारा सबसे ज्यादा प्रवेश कराकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है। पत्रकार वार्ता में अपर जिलाधिकारी प्रशासन विनय कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर, जिला सूचना अधिकारी हर्ष चावला, वर्धमान कॉलेज प्राचार्या आदि उपस्थित रहे।
नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी क्लब से 90 हजार से अधिक बने सदस्य
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय ने नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी क्लब के तहत अंडर ग्रेजुएट स्टूडेंट के रजिस्ट्रेशनल करने में पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। बताया कि उक्त क्लब के 90 हजार से अधिक सदस्य बन गए।
विश्वविद्यालय रोजगार परक कोर्सेज प्रस्तावित
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा रोजगार परक कोर्सेज प्रस्तावित है। इसमें एमएससी केमेस्ट्री, एमएससी मैथमेटिक्स, एमएससी बॉटनी, फिजिक्स, कंप्यूटर साइंस, एमए इकोनॉमिक्स, एमए इंग्लिश, एमए होम साइंस एवं एमए ज्योग्राफी तथा एमकॉम के कोर्स शामिल है। सभी कोर्सों में यह प्रयास किया गया है कि शिक्षा रोजगार परख और स्टूडेंट को कोर्स पूरा होने के पश्चात ही अच्छा प्लेसमेंट उपलब्ध कराया जा सकें।