संवाद न्यूज एजेंसी
शेरकोट। भनौटी मार्ग स्थित मैदान में शुक्रवार से दो दिवसीय तबलीगी जमात इज्तमा शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में जायरीन शामिल हुए। पहले दिन दिल्ली मरकज से तशरीफ लाए मुफ्ती साजिद ने खिताब किया। मुसलमानों से दीन के रास्ते पर चलने का आह्वान किया।
बृहस्पतिवार देर शाम से ही दूर दराज से जायरीनों के पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया था। शुक्रवार को इज्तमा में मुफ्ती साजिद ने मुसलमानों से अल्लाह के बताए रास्ते पर चलने और बुराइयां छोड़ देश की तरक्की में योगदान करने की जरूरत पर जोर दिया। इज्तमा में आने वाले जायरीनों की खिदमत के लिए खाने-पीने, स्वास्थ्य सेवाओं आदि के स्टाल लगाए गए। सौ से अधिक अस्थाई शौचालयों, वजुखानों की व्यवस्था कराई गई है। स्वयंसेवक यातायात व्यवस्था संभालने से लेकर इज्तमा स्थल में जयरीनों की खिदमत का काम कर रहे है।
कार्यक्रम के दौरान मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए एंबुलेंस आदि की भी व्यवस्था भी की गई है। उधर, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल, उपजिलाधिकारी रितु रानी ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।