स्योहारा के गांव सिपाहियोवाला के जंगल में आत्महत्या करने वाले अंकित कुमार का फाइल फोटो।
स्योहारा। ग्राम सिपाहियोवाला निवासी अंकित (26) ने अपनी शादी से तीन दिन पहले फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार युवक 19 अप्रैल को होने वाली अपनी शादी से खुश नहीं था। वह किसी दूसरी लड़की को पसंद करता था। युवक की मौत से शादी की खुशी मातम में बदल गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुधवार की सुबह अंकित कुमार पुत्र देवेंद्र सिंह का शव गांव से तीन किलोमीटर दूर बलवीर सिंह के खेत में शीशम के पेड़ से लटका मिला। उसके गले में प्लास्टिक की रस्सी का फंदा लगा हुआ था। खेतों पर काम करने गए ग्रामीणों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। सीओ धामपुर सर्वम सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार व फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा। पिता देवेंद्र सिंह ने बताया कि अंकित मंगलवार की रात से लापता था। रात भर उसकी तलाश करते रहे। उसकी आगामी शनिवार को नहटौर के गांव महमूदपुर से शादी होनी थी। लड़की पक्ष के घर भी पसरा मातम : अंकित की मौत के बाद लड़की पक्ष के घर भी मातम पसर गया। अंकित मंगलवार की शाम घर से बाइक लेकर गया था। बुधवार की तड़के लड़की पक्ष के लोग भी गांव आ गए थे।
सीओ धामपुर सर्वम सिंह का कहना है प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया युवक होने वाली शादी से खुश नहीं था। वह किसी दूसरी लड़की से शादी करना चाहता था। उसकी जेब से मिले मोबाइल की कॉल डिटेल व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जांच आगे बढ़ेगी।