सर्वे करने गई आंगनबाड़ी और सहायिका से मारपीट
नूरपुर। मोहल्ला बंजारन में सर्वे करने गईं आंगनबाड़ी और सहायिका के साथ एक परिवार द्वारा सर्वे का विरोध करते हुए मारपीट की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका ने दो भाईयों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जिलाधिकारी द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशाओं, सहायिकाओं और पालिका कर्मियों को मिलाकर निगरानी समिति बनाई है। निगरानी समिति डोर टू डोर जाकर लोगों के बुखार की जांच करने और सर्वे कर रही है। बुधवार को मोहल्ला बंजारान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुमन देवी एवं सहायिका फूलवती डोर टू डोर सर्वे कर रही थीं। आरोप है कि जब वह खलील अहमद के घर पहुंची तो उसके पुत्रों मोहम्मद उमर और शकील अहमद ने सर्वे का विरोध करते हुए दोनों कर्मियों के साथ मारपीट कर दी। दोनों किसी तरह खुद को छुड़ाकर थाने पहुंचीं और पुलिस को तहरीर दी।
सूचना पर सर्वे में लगीं सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं संघ की प्रदेश अध्यक्ष राजेश्वरी राठी के नेतृत्व में थाने पहुंच गईं और घटना का विरोध जताते हुए आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। हंगामे के बाद पुलिस ने एक आरोपी को घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों पर महामारी अधिनियम समेत मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।