बिजनौर/बेगावाला। सोमवार रात करीब नौ बजे शहर में नुमाइश के दौरान बेकाबू बोलेरो ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो भाई घायल हो गए जबकि कई लोग गाड़ी की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। बोलेरो पर भारतीय किसान यूनियन (प्रधान) प्रदेश उपाध्यक्ष लिखा हुआ था और किसान संगठन का झंडा भी लगा था।
नुमाइश में शाम को खूब भीड़ रहती है। इस दौरान मैदान के आसपास भारी पुलिस बल भी तैनात रहता है। सोमवार शाम आरजेपी इंटर कॉलेज के सामने तेज रफ्तार से आई एक बोलेरो ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो ने पहले बाइक सवार रहीमपुर निवासी फरमान और उसके छोटे भाई फुरकान को टक्कर मारी। दोनों भाई काम से लौट रहे थे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवारों को टक्कर मारने के बाद चालक ने अन्य कई वाहनों को भी टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। सीओ अभय कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में बोलेरो चालक अभिषेक निवासी तिमरपुर थाना मंडावर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।